पुलिस मामले की जांच कर रही है
कोलकाता।कोलकाता के अहिरीटोला घाट पर शुक्रवार को जेटी से एक युवक गंगा में कूद गया। घटना के बाद से उसका पता नहीं चला है। सूचना मिलने पर डिजास्टर मैनेजमेंट टीम तुरंत मौके पर पहुंची। गोताखोरों को भेजकर तलाश शुरू कर दी गई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला था।
घटना के चलते कुछ समय के लिए अहिरीटोला घाट की फेरी सेवाएं बंद रखी गईं, जिससे दफ्तर समय में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि हावड़ा से अहिरीटोला और बागबाजार घाट के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री फेरी सेवाओं का उपयोग करते हैं, खासकर सुबह के व्यस्त समय में। अचानक सेवा बाधित होने से कई यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ा।
पुलिस के मुताबिक, घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि वह युवक घाट पर अकेला था, लेकिन घटना के कारणों को लेकर अभी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।